हुड्डा के गढ़ रोहतक में CM नायब सैनी का आज रोड शो, मस्तनाथ मठ के महंत बाबा बालकनाथ भी रहेंगे मौजूद

हुड्डा के गढ़ रोहतक में CM नायब सैनी का आज रोड शो, मस्तनाथ मठ के महंत बाबा बालकनाथ भी रहेंगे मौजूद

हरियाणा विधानसभा चुनावों के प्रचार अपनी चरम सीमा पर है। पार्टियां लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती हैं। इसी के तहत मुख्यमंत्री नायब सैनी आज रोहतक में प्रचार करेंगे। एक मुख्यमंत्री एक पूर्व मुख्यमंत्री के गढ़ में प्रचार करने के लिए आ रहे हैं।

यानी सीएम नायब सैनी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में चुनाव प्रचार करेंगे।

सैनी रोहतक की गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा से प्रत्याशी मंजू हुड्डा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। और विधानसभा के करीब 30 गांवों में रोड शो भी निकालेंगे। बीजेपी ने इसे लेकर पहले ही तैयारी कर ली है।

बड़ी बात ये भी है कि इस दौरान राजस्थान के तिजारा से विधायक और रोहतक में स्थित बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति बाबा बालकनाथ भी सीएम नायब सैनी के साथ मौजूद रहेंगे।

सीएम नायब सैनी इस रोड शो और जनसभा के जरिए हुड्डा के गढ़ में सेंधमारी की कोशिश में हैं। अब वो इसमें कितने कामयाब हो पाते हैं ये तो 8 अक्टूबर का दिन ही तय कर पाएगा।